हम सभी यह मानते हैं कि शरीर का हर अंग जीवन के लिए ज़रूरी होता है। लेकिन एक डॉक्टर का दावा है कि इंसान अपने कुछ अहम अंगों के बिना भी सामान्य जीवन जी सकता है। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के नॉर्थवेल स्टेटन आइलैंड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के डॉक्टर इंद्रनील मुखर्जी ने बताया कि शरीर के सभी 78 अंग जरूरी नहीं हैं। कुछ अंग ऐसे हैं जिन्हें निकालने के बाद भी इंसान की जिंदगी चलती रहती है।

एक महिला के निकाले गए थे 7 अंग

डॉ. मुखर्जी ने उदाहरण दिया कि लुईस अल्टेसे-इसिडोरी नाम की महिला के शरीर से एक ऑपरेशन में सात अंग निकाले गए थे। उन्हें ओवेरियन कैंसर था, जो पूरे शरीर में फैल चुका था। लेकिन ऑपरेशन के बाद उनका इलाज सफल रहा और आज वे लगभग सामान्य जीवन जी रही हैं।

डॉक्टर ने बताए 5 ऐसे अंग जिनके बिना भी इंसान रह सकता है जिंदा

1. अपेंडिक्स

इसका शरीर में कोई खास काम नहीं होता। वैज्ञानिक मानते हैं कि पहले जब इंसान केवल पौधों पर निर्भर था, तब यह पाचन में मदद करता था। इसे निकालने से शरीर पर कोई खास असर नहीं पड़ता।

2. पित्ताशय (Gallbladder)

इसमें लिवर द्वारा बनाया गया पित्त (bile) जमा होता है, जो वसा पचाने में मदद करता है। इसे निकालने पर भी लिवर सीधा पित्त आंत में भेज देता है। शुरुआती दिनों में कुछ पाचन संबंधी दिक़्क़त हो सकती है, लेकिन शरीर जल्दी एडजस्ट कर लेता है।

3. किडनी (Kidney)

हमारे पास दो किडनी होती हैं, लेकिन एक भी शरीर को स्वस्थ रखने के लिए काफी है। एक किडनी हटने पर भी ज़्यादातर लोगों को जीवन भर दवाइयों की ज़रूरत नहीं पड़ती।

4. पेट (Stomach)

यह भोजन को जमा करने और पचाने में मदद करता है। अगर कैंसर, अल्सर या वजन घटाने की सर्जरी में इसे हटा दिया जाए तो खाना सीधे आंत में चला जाता है। जीवन संभव है, लेकिन खाने-पीने में सावधानी रखनी पड़ती है, वरना डिहाइड्रेशन और कुपोषण हो सकता है।

5. फेफड़ा (Lung)

शरीर में दो फेफड़े होते हैं। एक फेफड़ा निकालने पर दूसरा फेफड़ा अधिक मेहनत करता है। सांस लेने की क्षमता कम हो जाती है और तेज़ शारीरिक गतिविधियां चुनौतीपूर्ण हो जाती हैं, लेकिन इंसान जी सकता है।

आधुनिक विज्ञान की देन

डॉ. मुखर्जी का कहना है कि यह इंसानी शरीर की अद्भुत अनुकूलन क्षमता और आधुनिक चिकित्सा का कमाल है कि लोग कई अंगों के बिना भी जी सकते हैं। अक्सर दुर्घटना या गंभीर बीमारी में अंग निकालने पड़ते हैं, लेकिन इलाज और मॉनिटरिंग के बाद लोग फिर से सामान्य जीवन जीने लगते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights