प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ‘प्रधानमंत्री महिला किसान ड्रोन केंद्र’ के साथ ही देश में जन औषधि केंद्रों की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 25,000 करने की परियोजना की शुरुआत की। पीएम मोदी ने ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के लाभार्थियों से संवाद के लिए वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। पीएम मोदी ने कहा कि पूरे देश में यह सुनाई दे रहा है कि जहां से लोगों की अपेक्षाएं दूसरों से खत्म होती हैं वहां से मोदी की गारंटी शुरू होती है।

पीएम मोदी ने कहा, ‘अच्छी दवाई और सस्ती दवाई ये बहुत बड़ी सेवा है। जितने लोग मुझे सुन रहे हैं, उनसे मेरा आग्रह है कि जनऔषधि केंद्र के बारे में लोगों को बताइए। दवाइयों पर जो खर्चा पहले 12-13 हजार का होता था, वह जनऔषधि केंद्र की वजह से सिर्फ 2-3 हजार हो रहा है यानी 10 हजार रुपये आपकी जेब में बच रहे हैं।’

‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं की संपूर्ण पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है ताकि इन योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सभी लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचे। केंद्र की कई योजनाओं के, ओड़िशा के एक लाभार्थी से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा ‘मोदी की गारंटी’ वाली गाड़ी है और गांव-गांव जा रही है। उन्होंने उक्त लाभार्थी से आग्रह किया कि उन्हें अब देश को विकसित बनाने में योगदान का संकल्प लेना चाहिए और इस अभियान में गांव के लोगों को भी जोड़ना चाहिए।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights