गाजियाबाद में कुत्तों का आतंक की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कुत्तों को काबू में करने के तमाम प्रयास विफल होते दिख रहे हैं। मुरादनगर थाना क्षेत्र के सुठारी गांव में इन दिनों दहशत का माहौल है। गांव की गलियों में घूम रहा एक ‘साइको’ कुत्ता ग्रामीणों के लिए काल बन गया है। आलम यह है कि पिछले महज सात दिनों के भीतर इस कुत्ते ने गांव के करीब 21 लोगों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। डॉग अटैक की इन घटनाओं को रोकने की मांग शुरू कर दी गई है।

सुठारी गांव करीब दो हजार की आबादी वाला है। यह गांव पिछले एक महीने से इस समस्या से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह कुत्ता मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुका है, जो बिना किसी उकसावे के सामने आने वाले हर शख्स पर झपट पड़ता है। इस आतंक का सबसे बुरा असर बच्चों और महिलाओं पर पड़ा है।

बच्चों ने निकलना किया बंद

कुत्ते के डर से बच्चों ने गलियों में निकलना और खेलना पूरी तरह बंद कर दिया है। वहीं, बड़े-बुजुर्ग भी अब लाठी-डंडा साथ लेकर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। कुत्ते के हमले की आशंका हर समय बनी रहती है। ऐसे में अन्य लोग भी सावधानी बरतते दिख रहे हैं।

घायलों का चल रहा इलाज

डॉग अटैक के कारण घायल हुए सभी मरीजों का उपचार मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहां एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम पंचायत विभाग और संबंधित अधिकारियों से इस खूंखार कुत्ते को पकड़ने की गुहार लगाई है।

लोगों का कहना है कि बार-बार की शिकायतों के बावजूद प्रशासन नींद से नहीं जागा है। गांव वालों में इस अनदेखी को लेकर भारी रोष है। उन्हें डर है कि यदि जल्द ही इस कुत्ते को नहीं पकड़ा गया, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights