कैराना क्षेत्र में हवाओं के साथ रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण कांवड़ मार्ग पर प्रशासन की व्यवस्था बिगड़ गई है। कुछ जगहों पर वॉच टावरों को नुकसान पहुंचा तो कुछ जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी खराब हो गए। एसडीएम ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्था यथाशीघ्र सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

पिछले 24 घंटे में कई बार रुक-रुक कर बारिश हुई। इस दौरान हवाएं भी चलीं। इसी कारण कांवड़ मार्ग पर प्रशासन की ओर से कराई गई व्यवस्था बेकार हो गई। इसी को लेकर एसडीएम निकिता शर्मा ने औद्योगिक क्षेत्र से लेकर यमुना ब्रिज तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र में पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं मिली, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसके अलावा शामली बाईपास व यमुना ब्रिज पर वॉच टावर बारिश तथा हवाओं की वजह से खराब पाए गए। टावरों पर लगे रंग-बिरंगे पर्दों तथा वहां लगे होर्डिंग्स को भी नुकसान पहुंचा। जबकि कांवड़ मार्ग पर लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल गई और वह बंद पाए गए। उन्होंने शौचालयों का भी जायजा लिया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तमाम व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने यमुना ब्रिज व पब्लिक इंटर कॉलेज में चिकित्सा सुविधाओं का भी जायजा लिया। राजस्व कर्मचारियों की उपस्थिति भी देखी गई। एसडीएम ने कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह सड़क किनारों पर कांवड़ियों को पेय पदार्थ पिलाने वालों को अनुमति लेने की हिदायत दी। एसडीएम ने यह भी कहा कि कांवड़ मार्ग पर जूस कॉर्नरों को भी अनुमति लेनी होगी।

नगरपालिका प्रशासन की ओर से नगर, शामली रोड व पानीपत रोड पर अस्थायी डिवाइडर बनवाया गया है। डिवाइडर के दायरे में शिवभक्तों के अलावा अन्य लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध है। इसके अलावा कांवड़ मार्ग किनारे पर मिट्टी भी डलवाई जा रही है। वहीं, एसडीएम के निर्देश पर पालिका मार्किट के सामने डिवाइडर के कट को भी बंद करा दिया गया है। तितरवाड़ा चुंगी पर कट बंद करने का काम चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights