केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि किसान और गांव के विकास बगैर भारत के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। सिंह आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ‘साइंस’ कॉलेज मैदान में किसान महाकुंभ में आये किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपने संबोधन में राज्य की पिछली कांग्रेस सरकार पर भी भ्रष्टाचार में लिप्त होने और विकास को पटरी से उतारने का भी आरोप लगाया। सिंह ने कहा, ”मैं एक किसान का बेटा हूं और गांव से हूं।

किसान अपनी मेहनत से मिट्टी से सोना उगा सकते हैं। मेरी सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला केंद्र किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठा रहा है।” उन्होंने कहा कि किसानों और गांवों के विकास के बिना भारत के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। सिंह ने कहा, ”अमेरिका में यूरिया उर्वरक का एक बोरी तीन हजार रुपए में उपलब्ध है.. भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां किसानों को तीन सौ रुपये प्रति बोरी के दर पर यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है।

रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण महंगाई बढ़ी लेकिन मोदी सरकार ने बीज और खाद के दाम नहीं बढ़ने दिये। हम किसी भी कीमत पर किसानों की परेशानी नहीं बढ़ने देंगे।” छत्तीसगढ़ की पिछली भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता सिंह ने कहा, ”कांग्रेस शासन ने पांच वर्षों में राज्य को बर्बाद कर दिया और अब मेरा दृढ़ विश्वास है कि विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार लोगों के समर्थन से राज्य को विकास की पटरी पर वापस लाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights