मेरठ के किठौर स्थित अल्ट्रासाउंड सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम को सेंटर पर अनियमितता मिली। इसके बाद टीम ने अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। अल्ट्रासाउंड सेंटर की शिकायत आईजीआरएस और स्थानीय स्तर पर की गई थी।

टीम का नेतृत्व कर रहे पीसीपीएमडीआई इंचार्ज ने कहा कि सेंटर पर भारी अनियमितताएं मिली हैं। डीएम को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अचानक छापेमारी से सेंटर स्टाफ व कस्बे में हड़कंप मच गया। कई चिकित्सक अपने क्लीनिक बंद कर फरार हो गए।

किठौर में मेरठ-गढ़ मार्ग पर भाई-भाई क्लब की बिल्डिंग में शास्त्रीनगर निवासी नीलम और डॉ. एके सिंह कई वर्ष से इस्माइल अल्ट्रासाउंड सेंटर चला रहे हैं। बताया गया कि 15 दिन पूर्व आईजीआरएस पर शिकायत हुई थी कि इस्माइल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर महिला इमराना और पुरुष इमरान की रिपोर्टिंग में गड़बड़ी कर दी गई।

आरोप था कि यहां अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण भी धड़ल्ले से किया जा रहा है। बीते शनिवार को डीएम दीपक मीणा से भी इसकी शिकायत की गई। जिसके बाद सोमवार दोपहर को एसीएमओ/पीसीपीएमडीआई इंचार्ज डा. प्रवीन गौतम, तहसीलदार मवाना आकांक्षा जोशी के नेतृत्व में टीम ने पुलिस बल के साथ इस्माइल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर छापेमारी कर दी।

डॉ. प्रवीन गौतम ने बताया कि इस्माइल अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भ्रूण जांच फार्म, रेफर स्लिप, भ्रूण जांच रिकार्ड, मरीजों का ब्यौरा रजिस्टर कुछ भी नहीं मिला। अल्ट्रासाउंड मशीन में मरीजों का डाटा, अल्ट्रासाउंड सेंटरों द्वारा विभाग को भेजी जाने वाले मासिक रिपोर्ट कार्ड तक सेंटर पर नही थे। स्टाफ ने एप्रेन तक नहीं पहने हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights