उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में एकतरफा प्यार में पागल एक सिरफिरे ने 3 वर्षीय मासूम बालक की पटक पटक कर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में यह घटना उस समय हुई जब बदायूं निवासी विराज नामक युवक 3 वर्षीय आरव को चॉकलेट दिलाने का बहाना बनाकर घर से बाहर ले गया।

मासूम को सड़क पर पटका, CCTV में कैद हुई क्रूरता
आरोप है कि युवक ने सड़क पर बालक को पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। उन्होंने बताया कि बालक की मां रति मूल रूप से शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव वामई की निवासी है, जिसकी शादी बदायूं निवासी सुनीत के साथ हुई है। इन दिनों वह अपने पुत्र आरव के साथ मायके आई हुई थी और शनिवार को अपनी मौसी से मिलने यादव कॉलोनी गई थी।

रति से जबरन शादी करना चाहता था देवर विराज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विराज रिश्ते में रति का देवर लगता है और वह उससे विवाह करने का दबाव बना रहा था। रति द्वारा प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसके पुत्र को अपने प्रेम संबंध में बाधा मानता था।

डॉक्टरों ने मासूम को घोषित किया मृत, मुकदमा दर्ज
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी अनुज कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights