उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना जारचा क्षेत्र के खंडेरा गांव में एक व्यक्ति ने घर में अकेली सो रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। जब महिला ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनका दांत टूट गया और आंखों पर गंभीर चोट आई है।

थाना जारचा के प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि खंडेरा गांव के एक निवासी ने बीती रात मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, पीड़ित महिला अपने छोटे बेटे और बहू के साथ रहती हैं। घटना के समय बेटा और बहू किसी काम से बाहर गए हुए थे और महिला घर में अकेली सो रही थीं। आरोपी की पहचान पड़ोस में रहने वाला गजे सिंह (पुत्र रंजीत सिंह) के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, वह रात करीब 1 बजे दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी ने सो रही बुजुर्ग महिला का मुंह दबाकर उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान उसने महिला के कपड़े भी फाड़ दिए। जब पीड़िता ने शोर मचाने और विरोध करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उनके चेहरे पर काट लिया और घूंसे मारे। इस हमले में महिला का दांत टूट गया और उनकी आंख पर गंभीर चोट आई है।

बताया जा रहा है कि शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज देते हुए वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights