फिरोजाबाद, 16 नवंबर । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने सोमवार को फिरोजाबाद में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में लोगों के पैरों में गोली मारी जा रही है और घर गिराए जा रहे है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।
प्रो. रामगोपाल यादव सोमवार को फिरोजाबाद के पालीवाल ऑडिटोरियम में आयोजित झलकारी बाई महाकुंभ में पहुंचे थे। इस दौरान वह मीडिया से भी रूबरू हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2017 से पहले प्रदेश में उपद्रव और अब उत्सव का माहौल होने वाले बयान पर कहा कि उत्सव का माहौल इसलिए है, क्योंकि लगातार लोगों के पैरों में गोलियां मारी जा रही हैं। लोगों के घर गिराए जा रहे हैं और संपत्ति लूटी जा रही है। बड़े-बड़े दबंग लोगों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था।
प्रो. यादव ने असदुद्दीन ओवैसी के मूंछ वाले और दाढ़ी वाले के गठबंधन को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि जरूरी नहीं है कि वह ओवैसी की हर बात का जवाब दें। कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।पार्टी के दाेनाें हाईकमान के बीच बातचीत चल रही है।
सपा नेता आजम खान से ईडी द्वारा की गई पूछताछ पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ईडी वही पूछेगी, जो उसके आका कहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी अब कोई स्वतंत्र संस्था नहीं रह गई है।
