मेरठ में रविवार को क्षत्रिय चेतना चिंतन बैठक में भाजपा के फायरब्रांड नेता और पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम ने कहा कि वे किसी भी कीमत पर अलग पश्चिम उत्तर प्रदेश नहीं बनने देंगे। उन्होंने क्षत्रिय समाज के लोगों से कहा कि आपका अस्तित्व मिटाने की तैयारी है। ऐसे में संकल्प लें कि किसी भी सूरत में पश्चिमी उत्तर प्रदेश अलग नहीं बनने देंगे। संगीत सोम ने इजराइल-फलीस्तीन विवाद पर कहा कि हिन्दुस्तान में हमास के समर्थकों, गद्दारों के लिए कोई जगह नहीं है।

रविवार को राजपूत उत्थान सभा और क्षत्रिय समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से साकेत स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड में क्षत्रिय चेतना चिंतन बैठक का आयोजन किया गया। राजपूत उत्थान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सोम ने समाज की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए एकजुट होने की बात कही। बैठक में मेरठ-सहारनपुर मंडल के 44 विधानसभा क्षेत्रों के क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधि शामिल रहे। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि कुछ लोग पश्चिम उत्तर प्रदेश को अलग करने की बात कर रहे हैं। वे कहते हैं कि पश्चिम उत्तर प्रदेश को दिल्ली से जोड़ा जाए। अलग पश्चिम उत्तर प्रदेश कभी बनने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि वह क्षत्रिय समाज के लिए संविधान के दायरे में रहकर अपना अधिकार मांगते हैं। देश के संविधान और लोकतंत्र पर अटूट विश्वास है।

हमास को लेकर संगीत सोम ने कहा कि उनके समर्थन में जो लोग नारेबाजी कर रहे हैं वह क्या हिन्दुस्तान में नया हमास खड़ा करना चाहते हैं। यह कभी नहीं होने दिया जाएगा। एएमयू जैसी संस्था पर ताला डाल देना चाहिए। शिक्षा के नाम पर कुछ संस्थाएं आतंकवाद का अड्डा बन रही हैं। कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि अगर नरेंद्र मोदी की सरकार न होती तो हमास के लोग यहां बम फोड़ रहे होते। उन्होंने कहा कि सब्जी, ठेले वालों से रुपया लेकर जो रसीद काटी जाती है वह रुपया कहां जाता है, इसकी जांच होनी चाहिए। आतंकी संगठनों को फंडिंग की जा रही है। ऐसे दुकानदारों का बहिष्कार होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights