मुजफ्फरनगर।जनपद के फुगाना थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब खेड़ीगनी गांव के बाहरी हिस्से में बने एक बाग से एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। मृतक की पहचान मोहम्मदपुर निवासी कृष्णा कश्यप के रूप में हुई है, जो तीन दिन पहले रहस्यमय तरीके से घर से गायब हो गया था।स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह खेतों की तरफ जाते समय उन्होंने बाग में एक व्यक्ति को पेड़ से लटका देखा। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में फुगाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की।परिवार वालों का आरोप है कि कृष्णा की किसी से पुरानी रंजिश चल रही थी, और उसकी हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उनका कहना है कि शव की स्थिति संदिग्ध है फंदा गले में जरूर था, लेकिन शरीर का निचला हिस्सा जमीन को छू रहा था। इससे परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।

थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रारंभिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। उन्होंने कहा कि पुलिस हर संभावित पहलू पर जांच कर रही है।इस बीच सीओ फुगाना रूपाली राय ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। उनका कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।घटना के बाद से खेड़ीगनी और मोहम्मदपुर गांवों में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस रहस्यमयी मौत का पर्दाफाश किया जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights