योगी की ड्रीम प्रोजेक्ट भरेगी नई उड़ान, विंध्य कॉरिडोर से धार्मिक पर्यटन को मिलेगी रफ्तार

– देश-दुनिया को विंध्य क्षेत्र की महिमा का अहसास कराएगी विंध्य कॉरिडोर

– दुनिया भर के श्रद्धालुओं की राह होगी सुगम, विंध्याचल में बनेगा हेलीपैड

मीरजापुर, 26 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कॉरिडोर को लेकर कार्य तेजी से जारी है। अब इस परियोजना को विश्वस्तरीय धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। निर्माणाधीन विंध्य कॉरिडोर के अंतर्गत विंध्याचल के पटेंगरा नाला के पास प्रस्तावित हेलीपैड न केवल श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करेगा, बल्कि स्थानीय आर्थिकी को भी एक नई दिशा देगा।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय और डिप्टी कलेक्टर शक्ति प्रताप सिंह के साथ विंध्याचल पहुंचकर पुराने वीआईपी मार्ग, स्टेशन रोड और पटेंगरा नाला क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित हेलीपैड स्थल का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हेलीपैड के निर्माण से विशेषकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिलेगा। अभी तक जिन श्रद्धालुओं को लंबी दूरी तय करके मंदिर पहुंचना होता था, उनके लिए अब यह यात्रा अधिक सहज, सुरक्षित और समयबद्ध हो सकेगी। इसके अलावा हेलीपैड के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को गति मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय व्यवसाय, होटल उद्योग और स्थानीय हस्तशिल्प को नया बाजार मिलेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि हेलीपैड से जुड़ी सभी तैयारियां शारदीय नवरात्रि से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, नाले के निर्माण और अतिक्रमण हटाने जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया। नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि नाले के पास अस्थाई रूप से लगाई गई दुकानों को हटाया जाए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।

विंध्य कॉरिडोर की कल्पना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न केवल धार्मिक महत्त्व के लिए की है, बल्कि इसके माध्यम से मीरजापुर को एक सशक्त पर्यटन हब के रूप में स्थापित करने का भी संकल्प लिया है। विंध्याचल की ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को आधुनिकता से जोड़कर प्रदेश की आर्थिकी को नया बल प्रदान करने की दिशा में यह एक निर्णायक प्रयास है।

हेलीपैड के निर्माण के साथ ही विंध्य कॉरिडोर परियोजना में डिजिटल सुविधा केंद्र, इंटीग्रेटेड सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के लिए फुटपाथ-पाथवे, लाइटिंग और हरित क्षेत्र का भी समावेश किया जाएगा, जिससे यह स्थान देश के सर्वश्रेष्ठ धार्मिक स्थलों में गिना जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights