अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव: स्वस्थ जीवनशैली का संदेश और योगिक आहार की विशेष व्यवस्था

देहरादून, 28 फरवरी (हि.स.)। ऋषिकेश में 01 से 07 मार्च तक आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में योग साधकों और प्रशिक्षकों को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश मिलेगा। इस दौरान योगिक डाइट उपलब्ध कराई जाएगी और वैलनेस पर विशेष सत्र होंगे।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) और पर्यटन विभाग द्वारा गंगा रिसोर्ट, ऋषिकेश में आयोजित इस महोत्सव में सात्विक और संतुलित आहार की विशेष व्यवस्था की गई है। जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक विशाल मिश्रा के अनुसार, प्रतिभागियों को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें शारीरिक और मानसिक ऊर्जा मिलेगी।

महोत्सव के दौरान नाश्ता, दोपहर व रात्रि भोजन में संतुलित और पौष्टिक आहार परोसा जाएगा, जिसमें मक्खन-दूध, अंकुरित अनाज, दलिया, परांठे, दाल-चावल, हरी सब्जियां, फल, हर्बल चाय, और पारंपरिक मिठाइयाँ शामिल हैं। यह संपूर्ण आहार शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने में सहायक होगा और योग साधना में बेहतर परिणाम देने में मदद करेगा।

महोत्सव में स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज, आचार्य बालकृष्ण, स्वामी आत्मस्वरूप, जया किशाेरी, अक्षत गुप्ता जैसे विख्यात याेग गुरु अपने विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन शाम को होने वाले सांस्कृतिक समारोह में इंडियन ओशियन, प्रेम जोशुआ, ज्योति नूरान, नरेंद्र सिंह नेगी और उत्तराखंडी लोक नृत्यों की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही अलग अलग सत्रों में ग्रैंड मास्टर अक्षर, योगी अभिषेक सोती, योगिनी उषा माता, डॉ. लक्ष्मी नारायण जोशी, डॉ. अर्पिता नेगी, योगिनी उर्मिला पांडेय और मेघा चौधरी भी लैक्चर देंगी। प्रतिदिन देश-विदेश के योगाचार्यों की ओर से साधकों और योग प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराये जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देहरादून में राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन के मौके पर ही मोटापा के प्रति हम सबको सचेत किया है। मोटापा कम करने में योगाभ्यास और योगिक डाइट महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। अन्तर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में इस दिशा में अहम पड़ाव साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights