काठमांडू, 21 जून । नेपाल की राजधानी काठमांडू के दशरथ रंगशाला स्टेडियम में रविवार को 12वें विश्व योग दिवस पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नेपाल के शिक्षा तथा खेलकूद मंत्रालय ने आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और योग विशेषज्ञ शामिल हुए।
कार्यक्रम में नेपाल सरकार के मुख्य सचिव सुमनराज अर्याल, विभिन्न मंत्रालयों के सचिव, सरकारी कर्मचारी तथा योग गुरु उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों का संदेश दिया। इस वर्ष के योग दिवस कार्यक्रम के माध्यम से भी यही संदेश दिया गया कि आधुनिक जीवनशैली की चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी और प्राकृतिक समाधान बनकर उभरा है।
हर वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। नेपाल सरकार भी हर वर्ष इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करती है, ताकि आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित योग करने से तनाव कम होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और शरीर को ऊर्जा मिलती है।
