अगर आप भी वॉट्सऐप (WhatsApp) के लगातार आने वाले मैसेज और नोटिफिकेशन से परेशान हो चुके हैं और कुछ दिनों का ब्रेक चाहते हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। मेटा (Meta) के स्वामित्व वाला यह प्लेटफॉर्म अब एक ऐसे लॉगआउट (Logout) फीचर पर काम कर रहा है जिसकी मदद से आप बिना अपना डेटा या चैट खोए ऐप से साइन-आउट कर सकेंगे। यानी अब आपको डिजिटल डिटॉक्स (डिजिटल दुनिया से दूरी) के लिए ऐप को अनइंस्टॉल करने का झंझट नहीं पालना होगा।

टेक जगत की नजर रखने वाली वेबसाइट WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक इस नए फीचर को WhatsApp Beta for Android (वर्जन 2.26.21.9) में देखा गया है। फिलहाल यह सुविधा कुछ चुनिंदा बीटा टेस्टर्स के लिए जारी की गई है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद आने वाले कुछ ही महीनों में इसे दुनिया भर के सभी सामान्य यूजर्स के लिए रोलआउट (जारी) कर दिया जाएगा।
जानें अब तक की सबसे बड़ी समस्या?
वर्तमान में वॉट्सऐप के अंदर सीधे लॉगआउट करने का कोई आधिकारिक विकल्प मौजूद नहीं है। अगर कोई यूजर कुछ समय के लिए शांति चाहता था तो उसे मजबूरन ऐप को फोन से हटाना (Uninstall) पड़ता था। दोबारा ऐप इस्तेमाल करने के लिए ऐप को फिर से डाउनलोड करना पड़ता था। मोबाइल नंबर डालकर वेरिफिकेशन करना होता था। चैट्स को वापस लाने के लिए बैकअप रीस्टोर करने का लंबा इंतजार करना पड़ता था। यह पूरी प्रक्रिया बेहद थका देने वाली और झंझट भरी थी।

कैसे काम करेगा यह नया Logout फीचर?
नया अपडेट आने के बाद यह प्रक्रिया बेहद आसान हो जाएगी। यूजर्स को वॉट्सऐप की Settings > Account सेक्शन में जाकर ‘Logout’ का नया विकल्प मिलेगा। इस पर टैप करते ही स्क्रीन पर एक मैसेज आएगा जो आपसे लॉगआउट की मंजूरी मांगेगा। मंजूरी देते ही आपका अकाउंट फोन से अस्थायी (Temporary) रूप से हट जाएगा लेकिन आपकी सभी चैट्स, तस्वीरें, वीडियो और सेटिंग्स फोन के इंटरनल स्टोरेज में पूरी तरह सुरक्षित रहेंगी।

जब भी आपका मन करे आप दोबारा लॉगइन करके वहीं से शुरुआत कर सकते हैं। मानसिक शांति के लिए बेहतरीन कदम: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सोशल मीडिया से कुछ समय का ब्रेक यानी ‘डिजिटल डिटॉक्स’ चाहते हैं। ऐसे लोगों के लिए यह फीचर किसी वरदान से कम नहीं होगा।
वॉट्सऐप में पहले से मौजूद हैं ये दो बड़े फीचर्स
वॉट्सऐप लगातार यूजर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नए बदलाव कर रहा है। हाल ही में ऐप में ये फीचर्स भी जोड़े गए हैं:
मल्टी-अकाउंट सपोर्ट: अब यूजर्स एक ही फोन में दो अलग-अलग वॉट्सऐप अकाउंट (जैसे पर्सनल और ऑफिस का नंबर) एक साथ चला सकते हैं।
ऐप लॉक (App Lock): प्राइवेसी को मजबूत करने के लिए फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या पासकोड के जरिए ऐप को सुरक्षित रखने की सुविधा भी दी गई है।
भले ही यह बदलाव देखने में छोटा लगे लेकिन दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स के लिए यह बेहद काम का साबित होने वाला है। अब बिना किसी डर के वॉट्सऐप से ब्रेक लेना मुमकिन हो जाएगा।
