प्रयागराज, 05 सितम्बर । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वाविद्यालय में शिक्षक दिवस के अवसर पर कुलपति ने शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी अध्यापकों से मेहनत कर विश्वविद्यालय को उन्नत शिखर पर ले जाने का आह्वान किया। कहा कि राग, द्वेष, रंग, समुदाय की भावना से ऊपर उठकर एक शिक्षक के रूप में काम करें। एक शिक्षक के रूप में किया गया काम विश्वविद्यालय को आगे ले जाएगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ प्रभात चंद्र मिश्र ने दी।

उन्होंने बताया कि सभागार में उपस्थित सभी शिक्षकों का कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और सभी प्राध्यापकों पर पुष्प वर्षा की गयी। शिक्षक दिवस के पुनीत अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने भी कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम का एनआईआरएफ रैंकिंग में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

कुलपति ने आगे कहा कि गुरु हमेशा प्रकाश दिखाता है, अंधकार को मिटाता है। वह स्वयं जल कर दूसरों को प्रकाशित करता है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक अपने कर्तव्य के दायित्व का निर्वहन करेगा तो राष्ट्र का उत्थान होगा और 2047 में विकसित भारत का सपना साकार होगा।

प्रोफेसर सत्यपाल तिवारी, निदेशक, मानविकी ने वर्तमान में शिक्षक की भूमिका, कर्तव्य एवं दायित्व पर प्रकाश डाला। कहा कि भारत में गुरु शिष्य परम्परा प्राचीन काल से काफी समृद्ध रही है। समारोह में शोध छात्रों ने भी कुलपति को पुष्प देकर स्वागत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित त्रिदिवसीय खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को कुलपति ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर एस कुमार रहे, संचालन आयोजन सचिव डॉ आनंदानंद त्रिपाठी तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर संजय सिंह ने दिया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights