प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी एवं किशन महिपाल को उत्तराखंड गौरव सम्मान

– मुख्यमंत्री ने की जनजाति उत्कर्ष योजना में प्रतिवर्ष एक करोड़ देने की घोषणा

देहरादून, 1 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड आदि गौरव सम्मान पुरस्कार 2025 से प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी एवं किशन महीपाल को सम्मानित किया। इसके अलावा उन्होंने जनजातीय शोध संस्थान को भी स्वीकृति के साथ ही जनजाति उत्कर्ष योजना में प्रतिवर्ष एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

परेड ग्राउंड देहरादून में आज मुख्यमंत्री ने राज्य जनजातीय शोध संस्थान के उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव 2025 कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने देशभर के विभिन्न जनजाति समाज द्वारा बनाए गए उत्पादों पर आधारित स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय शोध संस्थान द्वारा किए गए कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का भी अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि प्राकृतिक सौंदर्य के साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए भी जानी जाती है। हमारे राज्य में मुख्य रूप से थारू, भोटिया, जौनसारी राजी एवं बुक्सा जनजातियाँ निवास करती हैं, जिनकी परंपराएँ, लोककला, हस्तशिल्प, लोकगीत, नृत्य और खानपान हमारी संस्कृति को अद्वितीय पहचान देते हैं। उन्होंने कहा राज्य सरकार, उत्तराखंड में आदिवासी समाज के विकास के लिए रात-दिन कार्य करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, उत्तराखंड के आदिवासी एवं जनजातीय समुदाय के कल्याण और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। चयनित गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में 4 एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कालसी, मेहरावना, बाजपुर व खटीमा में संचालित हो रहे हैं, जिसमें जनजातीय समुदाय के छात्रों को निशुल्क शिक्षा एवं हॉस्टल की सुविधा प्रदान की जाती है।

जनजातीय समाज के बच्चों को प्राईमरी स्तर से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। शैक्षिक उत्थान एवं विकास हेतु सरकार द्वारा वर्तमान में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। जनजाति के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रदेश में तीन आई.टी.आई. संस्थानों का संचालन किया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग की निःशुल्क व्यवस्था भी की गई है।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, सचिव नीरज खैरवाल, अपर सचिव गौरव कुमार, निदेशक जनजाति कल्याण संजय सिंह टोलिया, लोक गायक किशन महीपाल आदि मौजूद रहे।

—————-

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights