लखनऊ | गन्ना किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने का समर्थन मूल्य 30 रुपए प्रति कुंतल बढ़ाने का फैसला लिया है।इस निर्णय के बाद अब अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 400 रुपए प्रति कुंतल, जबकि सामान्य प्रजाति का मूल्य 390 रुपए प्रति कुंतल हो गया है। पिछली बार यह दर क्रमशः 370 और 360 रुपए प्रति कुंतल थी।सरकारी सूत्रों के अनुसार, इस फैसले से राज्य के करीब 45 लाख गन्ना किसानों को सीधा लाभ होगा और किसानों को लगभग 3,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों की मेहनत का पूरा सम्मान किया जाएगा, यह सरकार किसान हितैषी नीतियों पर निरंतर कार्य कर रही है।गन्ना विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद पेराई सत्र 2025-26 में शुगर मिलों को इसी दर से भुगतान करना होगा।वहीं, किसान संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से गन्ने के भाव में बढ़ोतरी की मांग की जा रही थी। भारतीय किसान यूनियन के स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि यह निर्णय देर से ही सही, मगर किसानों के हित में है।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा गन्ना उत्पादक राज्य है, जहां हर वर्ष लगभग 1200 से अधिक शुगर मिलें संचालित होती हैं और करोड़ों लोग गन्ना अर्थव्यवस्था से जुड़े हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights