up-thousands-participated-yoga

मीरजापुर, 21 जून । 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जीआईसी मैदान, महुवरिया में जनपद स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। योग दिवस पर मैदान में उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल रहे। विशिष्ट अतिथियों में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर पटेल, छानबे विधायक सुचिस्मिता मौर्य, मझवां विधायक रिंकी कोल, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, एमएलसी विनीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। ब्रह्माकुमारीज सेवा केंद्र की प्रभारी बीके बिंदु दीदी ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री का योग दिवस संदेश सुना। वक्ताओं ने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन की आधारशिला बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ के अनुरूप योग प्रशिक्षक अमृत कला उपाध्याय ने लगभग 45 मिनट तक सामूहिक योगाभ्यास कराया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े विभागों का आभार व्यक्त किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights