लखनऊ, 20 जून । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आने वाले जन्मदिन एक जुलाई से पार्टी समता मूलक समाज की स्थापना के लिए एक सप्ताह तक प्रदेश स्तरीय विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इसके तहत समाज में फैले प्रदूषण को दूर करने के लिए पदाधिकारी और कार्यकर्ता पीडीए पौधारोपण, सदस्य बनाए जाने का अभियान चलाएंगे।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने राजधानी लखनऊ सहित सभी जनपदों में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं एवं सभी पदाधिकारियों को इस संबंध में पत्र भेजा है। उन्होंने सभी से आवाह्न किया कि समता मूलक समाज के मानव-मूल्यों की स्थापना के लिए सामाजिक-न्याय का राज स्थापित हो, प्रदूषण मुक्त भारत हो, इसलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन 01 जुलाई 2026 बुधवार को हम सब मिलकर प्रदेश में मनाएंगे। इसके अंतर्गत वर्तमान में हर तरफ से फैले प्रदूषण को दूर करने के लिए 01 जुलाई से 07 जुलाई 2026 तक सभी विधान सभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर, हर गाँव-गली में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पेड़ लगाएंगे और प्रेम, दया, अपनापन के द्वारा पीड़ित, दुःखी, अपमानित परिवार को पार्टी का सदस्य बनाएंगे।
श्याम लाल पाल ने बताया कि इस दिन हम संविधान, लोकतंत्र एवं आरक्षण बचाएंगे। पर्यावरण के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक न्याय के प्रतीक के रूप में, जिसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने अपने संविधान का आधार बनाया है, समता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की प्राणवायु हर दिन सब को मिल सके, इसका संकल्प लेंगे।
