सुलतानपुर, 11 फ़रवरी । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर की पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने कहा कि अपराध के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की घोषणा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्रग माफिया, गोकशी गिरोह और भू-माफियाओं पर एक साथ कार्यवाही की जाएगी। “कानून से बड़ा कोई नहीं है, चाहे वह अपराधी हो या विभाग का कोई व्यक्ति; कानून का उल्लंघन करने पर कार्यवाही तय है।
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बुधवार को पुलिस लाइन के सभागार में अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही कानून व्यवस्था को लेकर अपनी दृढ़ता का प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, राजस्व और प्रशासनिक टीमों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने बताया कि चिन्हित भू-माफियाओं की सूची तैयार की जा रही है और उनके खिलाफ गैंगस्टर सहित कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
शहर की यातायात समस्या को लेकर एसपी ने ‘नो टॉलरेंस’ नीति अपनाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि अवैध टैक्सी स्टैंड, सड़कों पर अतिक्रमण और मनमानी पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाकर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। यातायात व्यवस्था में स्थायी सुधार के लिए नई नीति तैयार करने की भी बात कही गई है। पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन पर जोर देते हुए चारू निगम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाई गई, तो कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्दी की गरिमा बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है।
एसपी ने मीडिया को भरोसा दिलाया कि पुलिस और पत्रकारों के बीच नियमित संवाद बना रहेगा। उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की बात कही, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अब ड्रग, गोकशी, भू-माफिया या यातायात नियमों के उल्लंघन जैसे किसी भी मोर्चे पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक नया और सख्त अध्याय शुरू होने के संकेत मिले हैं।
