प्रयागराज, 18 फ़रवरी । छत्रपति शिवाजी महाराज के विचार और आदर्श केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं, बल्कि आज भी समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने की प्रेरक शक्ति हैं।
यह बात गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के मौके पर प्रयागराज के खुल्दाबाद चौराहा पर स्थापित छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करते महापौर गणेश केसरवानी ने कहा। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक, दूरदर्शी रणनीतिकार और जनकल्याण को सर्वोपरि रखने वाले शासक थे। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष कर हिंदवी स्वराज की स्थापना की, जो आत्मनिर्भरता, न्याय और समानता के मूल्यों पर आधारित था। उन्होंने आगे कहा कि शिवाजी महाराज का जीवन आज की पीढ़ी के लिए साहस, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और सुशासन की अनुपम प्रेरणा है। उनकी नीति—जनता के सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा, धर्मनिरपेक्षता और मजबूत प्रशासन—आज भी उतनी ही प्रासंगिक है।
इस अवसर पर उपस्थित अपूर्वा चंद्रा, गौरव गुप्ता, आदर्श सोनकर, रमेश पासी, विश्वास रावत, अरुण चौहान, सुरेंद्र यादव, मयंक यादव, मुकेश कसेरा, विष्णु त्रिपाठी, अखिलेश सिंह एवं मोहम्मद सादमान ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान “शिवाजी महाराज अमर रहें” और “भारत माता की जय” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
