up-auraiya-road-accident

औरैया, 19 फरवरी । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में बुधवार/गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में निचली गंग नहर में कार गिरने से दो पुरुषों और एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रूरा–सैफई मार्ग किनारे स्थित तुरुकपुर गांव के पास हुआ है।

घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने नहर में कार के टायर दिखाई देने पर अनहोनी की आशंका पर हुई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के अंदर दो पुरुष और एक महिला फंसे हुए थे। तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों ने नहर में कार को देखा तो तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को नहर से बाहर निकलवाया। कार के अंदर एक महिला और दो पुरुष मृत अवस्था में मिले। मृतकों की पहचान बाबरपुर के रहने वाले राजीव कुमार पोरवाल (60), उनके पुत्र शिवम (27) तथा पत्नी मधु गुप्ता (55) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी में पता चल है कि राजीव कुमार पोरवाल भरथना के मोतीगंज क्षेत्र में दाल का व्यापार करते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवारीजनों को दे दी गई है।

बिधूना क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटीई है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights