औरैया, 25 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बेला थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। शादी के महज दो दिन बाद दुल्हन के घर से गायब हो जाने पर युवक ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। युवक ने आरोप लगाया है कि शादी कराने वाले बिचौलियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।
बेला थाना क्षेत्र के दिवियापुर रोड निवासी अब्दुल अली पुत्र फिरोज अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ लोगों ने उसकी शादी कराने की जिम्मेदारी ली थी। इसके लिए उससे करीब 45 हजार रुपये खर्च कराए गए। युवक के अनुसार, 17 जून 2026 को उसकी शादी आगरा के भदावर क्षेत्र में कराई गई थी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि शादी कराने वाले बिचौलियों ने व्यवस्था कराने के नाम पर उससे 30 हजार रुपये अतिरिक्त भी लिए थे। शादी के बाद दुल्हन करीब दो दिनों तक उसके बेला स्थित घर में रही, लेकिन 19 जून की सुबह वह बिना बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
अब्दुल अली का आरोप है कि दुल्हन के अचानक गायब होने में शादी कराने वाले बिचौलियों की भूमिका हो सकती है। उसने इस पूरे मामले को सुनियोजित ठगी बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि युवक की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
