up-accident-truck-runs-over-ma

मीरजापुर, 14 जून । उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अदलहाट थाना क्षेत्र के अदलहाट-शेरवां मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बड़भुइली गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

बड़भुइली गांव निवासी नंदलाल (54) पुत्र शोभनाथ रोज की तरह सुबह टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान अदलहाट से शेरवां की ओर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे चार पुत्र और दो पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।

मृतक के पुत्र भरत की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights