पूरी दुनिया के लिए खाद्यान्न का कटोरा बनेगा भारत : अनुप्रिया पटेल
– प्राकृतिक खेती से ही बचेगी मिट्टी की सेहत, किसानों को दी सलाह – 12 जून तक 65 हजार गांवों में चलेगा विकसित कृषि संकल्प अभियान
मीरजापुर, 31 मई (हि.स.)। जिले की सांसद व केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत पूरी दुनिया के लिए खाद्यान्न का कटोरा बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विश्व के किसी भी देश में भुखमरी का संकट होने पर खाद्यान्न की खेप पहुंचाने में हिन्दुस्तान मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाता है। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक व जैविक खेती करने की सलाह दी। कहा कि उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग से मिट्टी की सेहत बिगड़ रही है।
छानबे ब्लाक के रामपुर कौड़ियरा (देवरी) ग्राम पंचायत में शनिवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित कृषि निवेश मेला में केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि कृषि भारत का सबसे मजबूत ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और यह तब संभव है जब हमारा किसान सशक्त हो। उन्होंने किसानों को नई तकनीक, उन्नत बीज, मृदा परीक्षण और प्राकृतिक खेती को अपनाने की प्रेरणा दी। कहा कि मिट्टी की सेहत ठीक होगी, तभी फसल पोषित होगी और आमदनी बढ़ेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि 29 मई से 12 जून तक कृषि वैज्ञानिक 65 हजार गावों में विकसित कृषि संकल्प अभियान को अमलीजामा पहनाएंगे। कृषि निवेश मेला में 2000 से अधिक किसानों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने एफपीओ के जरिए किसानों को उद्यम से जोड़ने पर बल दिया।
–किसानों को दिखाई विकसित खेती की राह उप कृषि निदेशक विकेश कुमार और जिला कृषि अधिकारी डॉ. अवधेश कुमार यादव ने सरकार की योजनाओं और बीज अनुदान प्रणाली की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. श्रीराम सिंह और डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने खरीफ फसलों की उन्नत खेती, कीट नियंत्रण और जैविक तकनीकों जैसे मृदाच्छादन, जीवामृत आदि पर व्याख्यान दिया। मार्केटिंग मैनेजर आशीष यादव ने किसानों को उनके उत्पादों के निर्यात के लिए संभावनाएं बताईं। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में चयनित किसानों को स्प्रेयर मशीन भेंट की गई।
–अहिल्याबाई की सोच जन-जन तक पहुंचाएं अपना दल (एस) की ओर से पथरहिया (रेलवे स्टेशन दक्षिणी द्वार) स्थित कार्यालय पर लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती मनाई गई। अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्यमंत्री पटेल, विधायक रिंकी कोल, जिलाध्यक्ष इं. रामलौटन बिंद सहित अनेकों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। अनुप्रिया पटेल ने अहिल्याबाई को महिला सशक्तिकरण की मिसाल बताते हुए कहा कि उन्होंने सती प्रथा के दौर में शासन संभालकर न्याय, नीति और प्रशासन में जो आदर्श प्रस्तुत किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय के संघर्ष को और धार देने का आग्रह किया।