मुज़फ्फरनगर| चरथावल थाना क्षेत्र की बिरालसी चौकी प्रभारी गोविंद चौधरी ने बाढ़, अलीपुरा और इंद्रगढ़ गाँवों में जाकर मिशन शक्ति अभियान के तहत ग्रामीणों को जागरूक किया। चौकी प्रभारी ने छोटी-छोटी सभाओं के माध्यम से लोगों को साइबर फ्रॉड, महिलाओं की सुरक्षा और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का अपराध कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाएगी। गोविंद चौधरी ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के तरीके भी बताए—जैसे किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करना, बैंक डिटेल साझा न करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देना।

उन्होंने लोगों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी, जिनमें पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090, एम्बुलेंस 108, फायर ब्रिगेड 101, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शामिल हैं। गोविंद चौधरी ने कहा कि इन नंबरों को हर व्यक्ति को अपने पास लिखकर रखना चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद ली जा सके। मिशन शक्ति अभियान के तहत यह पहल महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
