हरिद्वार, 17 फ़रवरी । दहियाकी शिव मंदिर के महंत यति रामस्वरुपानन्द गिरी के नेतृत्व में यति शिष्यों ने सोमवार को सर्वानंद घाट, हरिद्वार से देहरादून स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय तक पदयात्रा प्रारंभ की। यह पदयात्रा गुरु भाई यति परमात्मानन्द गिरी के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में निकाली गई है।
महंत यति रामस्वरुपानन्द गिरी,जो श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा से संबद्ध हैं,ने कहा कि संन्यासियों के सम्मान की रक्षा के लिए यह यात्रा आयोजित की गई है। यति परमात्मानन्द गिरी ने आरोप लगाया कि 5 फरवरी 2026 की रात्रि को उन्हें कोटद्वार थाना पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए ले जाया गया, जहां उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी धार्मिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
महंत यति रणसिंहानन्द गिरी और योगी सरोजनाथ महाराज ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पदयात्रा का उद्देश्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर अपनी पीड़ा और मांगों को प्रस्तुत करना बताया गया है।
पदयात्रा में सतीश शर्मा (गौरक्षा जिला प्रमुख, रुड़की),योगेंद्र सालार (जिला उपाध्यक्ष,भारतीय हिंदू रक्षा वाहिनी),चौधरी अनुज बेनिवाल,प्रदीप धीमान,चौधरी ईसम सिंह (सेवानिवृत्त कैप्टन,आर्मी) सहित अनेक साधु-संत और समर्थक शामिल रहे।
