हरिद्वार, 13 फरवरी । प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मालवीय चौक पर धामी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उनका आरोप था कि बदमाशों में पुलिस का खौफ समाप्त हो चुका है और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी देहरादून सहित हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर जनपद में बढ़ती आपराधिक घटनाएं यह दर्शाती हैं कि सरकार कानून व्यवस्था पर ध्यान देने में विफल रही है।
यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवीश भटीजा, ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, कार्यकारी महानगर अध्यक्ष विशाल प्रधान और रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष गौरव चौहान ने कहा कि धामी सरकार महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण जैसे मुद्दों पर पूरी तरह असफल साबित हुई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही प्रदेश की कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो यूथ कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक आंदोलन तेज करेगी।
धरना-प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना, दीपक टंडन, अनिल ठाकुर, वीरेंद्र भारद्वाज, सरिता शर्मा, सौरभ सैनी, अंकुर सैनी, उदित विद्याकुल, संजय सैनी, राजू चित्कारा, हरजीत सिंह, अंकित चौधरी, जवाहर चावला, सोमपाल सैनी, जावेद आलम, हेमंत चंचल, ऋषभ वाल्मीकि, कार्तिक शर्मा, रजत कुमार, गौरव ठाकुर, शुभम जागरिया, पिंटू सैनी और राजबीर सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
