uk-police-arrested-the-accused

नैनीताल, 08 फ़रवरी । नैनीताल जनपद के बेतालघाट थाना क्षेत्र में गत दिनों एक व्यक्ति पर चाकू से हमला करने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।

नैनीताल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी ग्राम घोड़िया हलसो, थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल ने बेतालघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि महेश आर्या पुत्र दयाल राम निवासी ग्राम हल्दयानी, थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला किया। शिकायत के आधार पर थाना बेतालघाट में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।

विवेचना थानाध्यक्ष विजय नेगी ने स्वयं ग्रहण की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपित के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नैनीताल जगदीश चंद्रा के पर्यवेक्षण तथा बेतालघाट के थानाध्यक्ष विजय नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश देकर आरोपित महेश आर्या को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित के कब्जे से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की वृद्धि की गई है। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस की कार्रवाई में आरक्षी दीपक सिंह व होमगार्ड जीवानंद दानी भी शामिल रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights