देहरादून, 17 जून । जिले के सहसपुर क्षेत्र स्थित बैरागीवाला गांव में खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।
पुलिस ने अब घटना में वांछित एक अन्य आरोपित इन्तजार पुत्र जमील, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बैरागीवाला को तिमली गांव से गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार 13 जून को बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच खेत में पानी चलाने को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि एक पक्ष के कई लोगों ने दूसरे पक्ष के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां विनोद कुमार की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मामले में मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत 12 नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने पहले ही इस घटना में शामिल रज्जाक पुत्र मासूम (28), सलमान पुत्र यूनुस (24), जावेद पुत्र मासूम (22), शहबाज पुत्र शहीद (27) निवासी ग्राम बैरागीवाला और इम्तियाज पुत्र शमसुद्दीन (58) निवासी लखनवाला, कोतवाली सहसपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
