uk-development-works-progress

नैनीताल, 16 फ़रवरी । जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने नैनीताल जनपद में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को 10 मार्च से पहले शत-प्रतिशत अवशेष धनराशि का व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत तक नैनीताल जनपद प्रदेश में अव्वल रहे, इसके लिए बीस सूत्रीय कार्यक्रम में सभी विभाग मार्च तक ए श्रेणी बनाए रखें। विशेष रूप से बाल विकास विभाग और पेयजल विभाग, जो वर्तमान में डी श्रेणी में हैं, को लक्ष्य पूर्ति कर ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर सत्यापन करने, सामग्री की शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने और पूर्ण निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी सत्यापन कराने के निर्देश दिए। सड़क निर्माण एजेंसियों को मौसम अनुकूल होते ही हॉटमिक्स और डामरीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने, क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर बदलने और सड़क पर सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया।

स्वच्छता अभियान को मजबूती देते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों और नगर निकायों को नियमित सफाई, कचरा उठान और झीलों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में आगामी जिला योजना 2026-27 के लिए विभागों को प्राथमिकता के आधार पर योजनाओं का चयन और रूपरेखा तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। दुग्ध विकास विभाग को उन्नत नस्ल की दुधारू गाय यूनिट उपलब्ध कराने और लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा, सैनिटोरियम के पास स्थित वन चौकी को नव निर्मित वन चौकी में स्थानांतरित करने के निर्देश वन विभाग एवं लोक निर्माण विभाग को दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights