हरिद्वार, 17 फ़रवरी । हरिद्वार जिले के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में गंगनहर के किनारे स्थित एक बाग में मंगलवार को अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है।
मंगलौर के सीओ अभिनय चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।
