देहरादून, 08 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सहसपुर में मुस्लिम शिक्षण संस्था के लिए आवंटित 20 एकड़ भूमि को लेकर कांग्रेस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने कहा कि राज्य की डेमोग्राफी के साथ किसी भी तरह के खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आशंका जताई कि यह जमीन 2022 में सुर्खियों में रही मुस्लिम यूनिवर्सिटी से संबंधित हो सकती है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश के प्रमुख रक्षा संस्थान की आपत्तियों के बावजूद यह भूमि आबंटित की। उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस जमीन पर समुदाय विशेष को बसाने की योजना शुरू हो गई है और प्लाटिंग में बिके सभी छोटे प्लाट समुदाय विशेष के नाम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट पहले ही भूमि को कृषि योग्य रखने का निर्देश दे चुका है।
चौहान ने बताया कि भाजपा सरकार ने लैंड जिहाद रोकने के लिए अब तक 11 हजार एकड़ से अधिक जमीन कब्जा मुक्त करवाई है और जिला प्रशासन ऐसे क्षेत्रों की जांच कर रहा है जो डेमोग्राफिक बदलाव के लिए सॉफ्ट टारगेट माने जाते हैं।
