two-friends-riding-by-bike-hit

गाजियाबाद, 24 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बुधवार रात को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। दोनों युवक ड्यूटी खत्म कर एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित चालक और बस की तलाश में जुटी है।

सहायक पुलिस आयुक्त मसूरी अजय कुमार ने बताया कि गांव डिडौली निवासी 45 वर्षीय विपिन त्यागी और मोदीनगर के भूपेंद्र पुरी कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय जयपाल सिंह गांव बसंतपुर सैतली स्थित एक टायर फैक्ट्री में काम करते थे। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और वे रोजाना साथ ही ड्यूटी पर आते-जाते थे। उन्होंने बताया कि बुधवार की रात को फैक्ट्री से छुट्टी होने के बाद दोनों एक बाइक पर सवार होकर अपने घर के लिए निकले। जब वे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर बसंतपुर सैतली गेट के पास यूटर्न के नजदीक पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों लोग कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तुरंत उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था और दूसरी बस से आगे निकलने की होड़ में था। यूटर्न और स्पीड ब्रेकर के पास भी उसने गति कम नहीं की, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर करीब 20 मिनट तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और लोगों की भीड़ के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक हटवाई और यातायात सामान्य कराया। एसीपी ने बताया कि मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही बस की पहचान कर चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights