नोएडा, 17 फ़रवरी । थाना ईकोटेक -3 क्षेत्र के ग्राम सैनी सुनपुरा में स्थित जैन मंदिर में काम करने वाले दो लोगों ने करीब 800 वर्ष प्राचीन अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा चोरी कर ली। पुलिस ने उन्हें मंगलवार को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किया हुआ सामान बरामद किया है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह की मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर थाना ईकोटेक -3 पुलिस ने मंगलवार को मुलायम सिंह पुत्र परसू सिंह निवासी मध्य प्रदेश तथा चेतन पुत्र जयप्रकाश निवासी गौतम बुद्ध नगर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक अष्टधातु से निर्मित प्राचीन मूर्ति, चांदी की पांडूशीला के आठ टुकड़े, चांदी का एक नारियल, चांदी का कलश आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि सैनी सुनपुरा गांव में स्थित जैन मंदिर के अकाउंटेंट सतीश कुमार ने इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। आरोप है कि मंदिर से दुर्लभ प्राचीन मूर्तियां चोरी की थी। दोनों जैन मंदिर में काम करते हैं।
