मुजफ्फरनगर। थाना छपार पुलिस ने टोल प्लाजा डिप्टी मैनेजर अरविंद पांडेय की हत्या के मामले में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से बिना नम्बर की प्लेटिना बाइक और अवैध तमंचे बरामद किए हैं।

मामला 18/19 सितंबर की रात का है, जब टोलकर्मियों और डिप्टी मैनेजर अरविंद पांडेय के बीच विवाद के बाद टोलकर्मियों ने उन्हें उनके कमरे से उठाकर ले जाकर बुरी तरह पीटा था। बाद में उनकी लाश मेरठ जिले के जानी थाना क्षेत्र में बरामद हुई थी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।मंगलवार को छपार-रुहाना मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड में वांछित बदमाश बाइक पर आ रहे हैं। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो बाइक फिसल गई और आरोपी भागने लगे। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी घेराबंदी कर कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश शिवम उर्फ शिव निवासी मोहम्मदपुर रायसिंह गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी वीशू उर्फ विस्तार मौके से दबोच लिया गया।
घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई एडीजी मेरठ जोन, डीआईजी सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन और एसएसपी संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर तथा थाना प्रभारी छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में की गई।
