कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के बीच साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। आज हैदराबाद हाउस में होने वाली उच्च स्तरीय वार्ता में दोनों प्रधानमंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल स्तर पर भारत-कनाडा रणनीतिक साझेदारी के तहत विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मोदी और कार्नी की मुलाकात इजराइल तथा अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए हमले की पृष्ठभूमि में हो रही है, इसलिए दोनों नेताओं से पश्चिम एशिया की समग्र स्थिति पर विचारों का आदान-प्रदान करने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि भारत और कनाडा के बीच असैन्य परमाणु सहयोग की दिशा में कुछ प्रगति हो सकती है। भारत प्रस्तावित समझौते को अंतिम रूप देने के लिए उत्सुक है, जिससे उसे कनाडा से यूरेनियम आयात करने की अनुमति मिल सकेगी।

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने नई दिल्ली में एस जयशंकर से मुलाकात की। जयशंकर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज सुबह नई दिल्ली में कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से मुलाकात करके मुझे बहुत खुशी हुई। भविष्योन्मुखी साझेदारी की दिशा में उनकी प्रतिबद्धता की मैं सराहना करता हूं।

2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करने पर विचार

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनका देश भारत के साथ एक व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर बातचीत कर रहा है, जिसका उद्देश्य 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार को दोगुना करना है। शनिवार को मुंबई में कनाडा-भारत फोरम को संबोधित करते हुए कार्नी ने कहा कि इस समझौते पर इस साल के अंत तक हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।

तनाव के बाद भारत-कनाडा संबंधों में सुधार कैसे हुआ

2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की संलिप्तता के आरोप के बाद भारत-कनाडा संबंध बेहद खराब स्थिति में पहुंच गए थे। नई दिल्ली ने ट्रूडो के दावों को “बेतुका” बताते हुए खारिज कर दिया था। अक्टूबर 2024 में ओटावा द्वारा निज्जर मामले से संबंध जोड़ने के प्रयास के बाद भारत ने अपने उच्चायुक्त और पांच अन्य राजनयिकों को वापस बुला लिया। जवाब में, भारत ने भी उतने ही कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया। हालांकि, पिछले साल अप्रैल में संसदीय चुनाव में लिबरल पार्टी के नेता मार्क कार्नी की जीत ने संबंधों को फिर से संवारने के प्रयासों को गति दी। इसके बाद, दोनों देशों ने एक-दूसरे की राजधानियों में अपने उच्चायुक्तों को बहाल कर दिया। पिछले साल जून में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कनाडा के कनानास्किस गए थे, जहां उन्होंने और कार्नी ने द्विपक्षीय संबंधों के पुनर्निर्माण पर केंद्रित व्यापक चर्चा की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights