बरेली में छह जुलाई काे बदला रहेगा ट्रैफिक, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

बरेली, 5 जुलाई (हि.स.)। जिले में मोहर्रम के पर्व को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर यह कदम उठाया गया है। छह जुलाई की सुबह छह बजे से लेकर सात जुलाई की सुबह चार बजे तक भारी वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह से बंद रहेगा। वहीं, रोडवेज बसों और अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।

एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने शनिवार काे बताया कि मोहर्रम के चलते 24 घंटे तक भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। झुमका तिराहा से मिनी बाईपास की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। हालांकि, परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने की छूट दी गई है।

उन्हाेंने कहा कि जिन रूटाें पर वाहन प्रतिबंधित किए गए हैं उन पर आम जनता से अपील है कि मोहर्रम के दौरान शहर में अनावश्यक प्रवेश से बचें और सिर्फ निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। ट्रैफिक पुलिस ने असुविधा के लिए खेद भी जताया है और सहयोग की अपेक्षा की है।

यह रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान

रोडवेज बसों के लिए नया रूट तय किया गया है। बदले रूट के चलते बसें झुमका तिराहा से विल्वा अंडरपास हाेते हुए इज्जतनगर, डेलापीर और 100 फुटा रोड से निकलते हुए सैटेलाइट बस अड्डा वाहन जाएंगे। यहीं से बसें वापस लौटेंगी। दिल्ली, मुरादाबाद व रामपुर से आने वाले वाहन झुमका तिराहा से विल्वा, नवादिया झंडा से हाेते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक ही आ सकेंगे। आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह पीलीभीत और नैनीताल से आने वाले वाहन बड़ा बाईपास से नवादिया झंडा हाेते हुए इन्वर्टिस तिराहा से ट्रांसपोर्ट नगर तक ही जा सकेंगे। बरेली से बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहन व बसें झुमका तिराहा से फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, नवादा मोड़ हाेते हुए दातागंज के रास्ते रवाना होंगें। वहीं दिल्ली व रामपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन बड़े बाईपास से सीधे आगे जा सकेंगे।

इन रास्तों पर पूरी तरह से वाहन प्रतिबंध

इन्वर्टिस तिराहा व ट्रांसपोर्ट नगर से सैटेलाइट की ओर सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वाहन चालकों को बीसलपुर तिराहा से रामगंगा कॉलोनी, बड़ा बाईपास का रास्ता से जाना हाेगा। वहीं किला पुल, दुल्हे मियां की मजार, चौपला व किला क्रॉसिंग की ओर नो एंट्री रहेगी। इसी तहर चौकी चौराहा और कुदेशिया अंडरपास से भी इन स्थानों पर जाना प्रतिबंधित रहेगा।

वैकल्पिक रूट

वाहनाें के रूट बदलाव के दाैरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक विभाग ने वैकल्पिक रूट भी तय किया गया है। इसके लिए गांधी उद्यान, श्यामतगंज पुल से डेलापीर हाेते हुए इज्जतनगर तिराहा से होकर वाहन अपने गंतव्य तक जा सकते हैं।

———–

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights