बाराबंकी, 29 जनवरी । भारतीय संस्कृति और परंपराओं में कुटुंब का विशेष महत्व है। मातृभूमि मां है और हम सब उसकी संतान है। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के जिला प्रचारक रवि प्रकाश ने रामनगर नगर पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं। सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य एवं स्व आधारित यह कार्यक्रम बीती रात बुधवार काे शुरू हुआ और देर रात तक चला।
कार्यक्रम में जीवन का बोध कराते हुए जिला प्रचारक रवि प्रकाश निराला ने कहा कि समाज की समस्याओं एवं चुनौतियां के लिए सज्जन शक्ति की सक्रियता एवं सहयोग राष्ट्र उत्थान के लिए आवश्यक है।
इससे पूर्व आरएसएस प्रचारक रवि प्रकाश निराला व विश्व हिन्दू परिषद के विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश, जिला मंत्री राहुल कुमार ने मां गायत्री एवं मां वीणापाणी की विधि विधान से पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम आयोजक रामावती वर्मा व संचालक बबलू वर्मा ने पधारे हुए अतिथियों को अंग वस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में हजारों भक्तों ने भंडारे में छोला पूड़ी, सब्जी, चावल, बूंदी का प्रसाद ग्रहण किया। इस दाैरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रामीण अंचल के कलाकारों ने राष्ट्र एवं सामाजिक चेतना पर आधारित मंचन कर आम जनमानस को भाव विभोर किया।
बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में नगर पंचायत के ग्राम अटौटा में चल रहे सात दिवसीय भागवत कथा एवं पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का समापन प्रतिमा विसर्जन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरुवार को धूमधाम से ग्राम रामपुर महासिंह स्थित राजा के तालाब में प्रतिमा विसर्जित की।
