मुज़फ्फरनगर। टोल प्लाज़ा डिप्टी मैनेजर अरविन्द पांडे की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात पानीपत-खटीमा मार्ग पर फरार आरोपी राजन को मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और अवैध तमंचा बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार 18/19 सितंबर की रात ड्यूटी विवाद के बाद टोलकर्मियों ने अरविन्द पांडे को उनके कमरे से उठाकर पीटा और गाड़ी में डालकर ले गए। टोल प्लाज़ा मैनेजर मुकेश चौहान से भी मारपीट की गई। अगले दिन अरविन्द का शव मेरठ के जानी इलाके से बरामद हुआ।

इस हत्याकांड में पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन मुख्य आरोपी राजन लंबे समय से फरार था। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वह स्विफ्ट कार से हाईवे की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने रोहाना फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की। कार दिखाई देने पर रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी फायरिंग में वह पैर में गोली लगने से गिर पड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन पुत्र सौराज, निवासी धनौरा सिल्वर नगर, थाना बिनौली, जिला बागपत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से DL1C AD 4171 नंबर की स्विफ्ट कार और 315 बोर का तमंचा बरामद किया। पुलिस ने कहा कि फरार बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights