मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं के बीच मामूली कहासुनी बुधवार तड़के बड़े बवाल में बदल गई। गंगनहर पटरी पर हुए इस विवाद में एक पक्ष ने अचानक पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे तीन श्रद्धालु गोली लगने से घायल हो गए, जबकि एक अन्य युवक को सिर में गंभीर चोट आई। गोलीबारी के बाद क्षेत्र में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही पुरकाजी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया।घटना करीब तीन बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के मंगलौर क्षेत्र से श्रद्धालु गंगा स्नान कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। इसी दौरान कम्हेड़ा पुल के पास ट्रैक्टर की साइड लगने को लेकर दो समूहों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ी कि एक युवक ने हथियार निकालकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली मोहम्मदपुर जट निवासी दीपांशु पुत्र गोपाल, आर्यन पुत्र संजीव और विजय पुत्र देवराज के पैरों में लगी, जबकि अमित पुत्र संजीव को सिर में चोट आई।

सभी घायलों को पहले पुरकाजी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।फायरिंग की सूचना फैलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। एसएसआई सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भोपा क्षेत्र के निरगाजनी झाल पर भी झगड़ा हो चुका है। यह जांच की जा रही है कि कहीं पुरानी रंजिश के चलते तो वारदात नहीं की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights