भाजपा कार्यशाला में गूंजा “विकसित भारत” का संकल्प, 11 वर्षों की उपलब्धियों पर हुई चर्चा

– जन-जन तक सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाएं पहुंचाने का आह्वान

मीरजापुर, 6 जून (हि.स.)। सिटी क्लब सिविल लाइन के सभागार में शुक्रवार को एक विशेष कार्यशाला के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला। भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य था “विकसित भारत का अमृत काल” और केंद्र सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण की उपलब्धियों को लेकर जागरूकता फैलाना।

कार्यशाला की मुख्य अतिथि और काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी सरोज कुशवाहा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बीते 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। यह अमृत काल सिर्फ सरकारी आंकड़ों का नहीं, बल्कि जन-जन की ज़िंदगी में आए सकारात्मक बदलावों का परिचायक है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस अभियान का मकसद है, इन उपलब्धियों को गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचाना।

कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने 9 जून से 9 जुलाई तक जिले से बूथ स्तर तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और सभी पदाधिकारियों से इसे सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि जनता को केंद्र सरकार की नीतियों से जोड़ने का सुनहरा अवसर है।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री दिनेश वर्मा ने किया। कार्यशाला में जिला उपाध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, जगदीश सिंह पटेल, निर्मला राय, जिला मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश दूबे सहित मंडल अध्यक्षगण, सभी प्रकोष्ठ संयोजक व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में “विकसित भारत” के सपने को साकार करने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights