मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना के डीएवी पीजी कॉलेज में परीक्षा से रोके जाने के बाद खुद को आग लगाने वाले छात्र उज्जवल राणा की मौत हो गई है। दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान उज्जवल ने रविवार को दम तोड़ दिया। उज्जवल बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसने कॉलेज में क्लास रूम में पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। वह करीब 70 फीसदी तक झुलस गया था। पहले उसे बुढ़ाना से मेरठ मेडिकल कॉलेज और फिर हालत बिगड़ने पर सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था।
मृतक छात्र ने आग लगाने से पहले एक हस्तलिखित आरोप पत्र छोड़ा था, जिसमें उसने कॉलेज के प्रिंसिपल प्रदीप कुमार पर अपमानित करने और परीक्षा से रोकने का आरोप लगाया था। पत्र में उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर भी मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए थे।उज्जवल ने लिखा था कि कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने मिलकर उसे ऐसी स्थिति में पहुंचा दिया । उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से पूरे जिले में गहरा आक्रोश है और कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
