बुढ़ाना। डीएवी डिग्री पीजी कॉलेज में छात्र उज्ज्वल राणा द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए शनिवार देर रात जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं बुढ़ाना पहुंचे और कॉलेज परिसर में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन से विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी और एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जाए और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला अत्यंत संवेदनशील है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने घटना की क्रमवार जानकारी प्राप्त की और सुरक्षा संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जाए। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को निर्देशित किया कि कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त जारी रखी जाए, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि छात्र की हालत गंभीर है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी ने छात्रों से शांत रहने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन दोनों सतर्क हो गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान बुढ़ाना एसडीएम अपूर्वा यादव, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी सुभाष अत्री समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights