strict-warning-to-officials-over-negligence-in-dev

कानपुर, 07 मार्च । शहर में चल रहे विकास और सफाई कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तय समयसीमा में काम पूरा हो और नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो, यह सम्बंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। यह बातें शनिवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।

नगर आयुक्त ने आज जोन-3 क्षेत्र में बाराहदेवी मंदिर और आसपास के क्षेत्र, सीएम ग्रिड के अंतर्गत बाबा कुटी से अलंकार गेस्ट हाउस तक बन रही सड़क, बसंत बिहार में 15वें वित्त आयोग से बन रही सड़क और शास्त्री नगर स्थित 21 ब्लॉक नाले के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर खामियां मिलने पर सम्बंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।

बाराहदेवी मंदिर के पीछे जाने वाले मार्ग पर नालियों पर अतिक्रमण के कारण जलनिकासी बाधित पाई गई। इस पर जोनल अभियंता को दो दिन के भीतर नालियों पर बने रैंप और अन्य अतिक्रमण हटाकर जलनिकासी सुचारू करने के निर्देश दिए गए। वहीं दीप सिनेमा रोड पर सीएम ग्रिड के कार्य के दौरान नाला टूटने से छोटे नालों का पानी बैक होने और जलभराव की समस्या सामने आई, जिसे तत्काल ठीक करने को कहा गया।

नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए। बाबा कुटी मार्बल मार्केट से अलंकार गेस्ट हाउस तक बन रही सड़क की स्थिति खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। पेयजल और सीवर लाइन के कार्य में देरी होने पर जल निगम को कारण बताओ नोटिस जारी करने और जोन-3 के जोनल अभियंता राजेश कुमार व सहायक अभियंता योगराज यादव का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

बसंत बिहार में बन रही सड़क का कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन सड़क पर सीएंडडी वेस्ट और नालियों की सफाई ठीक न मिलने पर सफाई पर्यवेक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। शास्त्री नगर नहर पटरी पर बड़ी संख्या में आवारा पशु मिलने पर दो दिन के भीतर अभियान चलाकर उन्हें कांजी हाउस भेजने को कहा गया।

शास्त्री नगर के 21 ब्लॉक में नाले की सफाई के दौरान कई स्थानों पर लोगों द्वारा बनाए गए रैंप के कारण सफाई कार्य बाधित पाया गया। इस पर ऐसे सभी अतिक्रमण हटाकर नाले की तली तक सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights