मुज़फ्फरनगर। जनपद में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ए.आर.टी.ओ. प्रवर्तन सुशील मिश्र ने अभिभावकों से भावनात्मक अपील की है कि वे अपने बच्चों को किसी भी अनाधिकृत या अपंजीकृत वाहन से स्कूल न भेजें। उन्होंने कहा कि बच्चों का जीवन सबसे अनमोल है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।ए.आर.टी.ओ. प्रवर्तन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी बच्चे को अवैध वाहन से स्कूल लाते या ले जाते पाया गया तो ऐसे वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया जाएगा। साथ ही स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, बच्चों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले विद्यालयों की मान्यता समाप्त करने की कार्यवाही भी की जाएगी।
जिला स्तर पर बनी विद्यालय यान परिवहन समिति और जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने भी निर्देश दिए हैं कि बच्चों/यात्रियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो। ब्लॉक स्तर पर गठित सड़क सुरक्षा समितियों को भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें उपजिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी अनाधिकृत वाहनों को सीज कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे।सुशील मिश्र ने कहा कि परिवहन विभाग की प्राथमिकता बच्चों व यात्रियों की सुरक्षा है। जिस प्रकार अभिभावक अपने बच्चों के भोजन, स्वास्थ्य, यूनिफॉर्म और शिक्षा पर ध्यान देते हैं, उसी तरह उनकी सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अपील की कि अभिभावक बच्चे को स्कूल से लाने-ले जाने वाले वाहन की यातायात शुल्क की रसीद अवश्य लें, जिससे स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय हो सके।उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के अंतर्गत जिले में लगातार वाहनों की चेकिंग की जा रही है और अनाधिकृत/अपंजीकृत वाहनों को सीज कर चालकों व वाहन स्वामियों पर कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
