sports-hockey-asia-cup-indian-junior-team-china-

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम शनिवार को एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए चीन के मोकी रवाना हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 13 सितंबर तक होगा। 18 सदस्यीय भारतीय टीम की कमान मिडफील्डर खैदेम शिलैमा चानू संभालेंगी।

नवनियुक्त मुख्य कोच टिम व्हाइट के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने टूर्नामेंट के लिए लंबे समय तक तैयारी की है। टीम ने इस साल गर्मियों में ब्रिटेन का महत्वपूर्ण दौरा भी किया, जहां उसे शीर्ष स्तर कीओ टीमों के खिलाफ खेलने का अनुभव मिला।

5 से 14 जुलाई तक एडिनबर्ग और लिलेशल में हुए ब्रिटेन दौरे के दौरान भारत ने स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के अलावा अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ कुल सात मुकाबले खेले। भारत ने अमेरिका को 6-0 से हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ लगातार दो मुकाबलों में 2-0 की जीत दर्ज की। अमेरिका के खिलाफ एक अन्य मुकाबला 1-1 से बराबर रहने के बाद भारत ने पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से जीत हासिल की।

इस दौरे से भारतीय टीम को स्कॉटलैंड की अनुभवी सीनियर टीम और बेल्जियम की मजबूत अंडर-21 टीम के खिलाफ खेलने का भी अहम अनुभव मिला।

रवाना होने से पहले मुख्य कोच टिम व्हाइट ने कहा, “टीम एशिया कप के लिए चीन जाने को लेकर काफी उत्साहित है। हमारी तैयारी अच्छी रही है। हमने बेंगलुरु में आई इंडिया टीम के खिलाफ भी चार महत्वपूर्ण मुकाबले खेले। हमें भरोसा है कि हमने ऐसी रणनीति तैयार की है, जिसके खिलाफ खेलना विपक्षी टीमों के लिए मुश्किल होगा। अब हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ इसे आजमाने के लिए उत्साहित हैं।”

भारत को महिला वर्ग के एलीट पूल में मेजबान चीन, जापान, कोरिया और मलेशिया के साथ रखा गया है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 5 सितंबर को कोरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद 6 सितंबर को मलेशिया, 8 सितंबर को जापान और 9 सितंबर को मेजबान चीन से मुकाबला होगा।

भारत के एलीट पूल के मुकाबले :

– 5 सितंबर: भारत बनाम कोरिया — दोपहर 1 बजे

– 6 सितंबर: भारत बनाम मलेशिया — सुबह 9 बजे

– 8 सितंबर: जापान बनाम भारत — सुबह 11 बजे

– 9 सितंबर: चीन बनाम भारत — शाम 7 बजे

एलीट पूल में शीर्ष स्थान के लिए मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता नॉकआउट चरण में प्रवेश करेगी। टूर्नामेंट का स्वर्ण पदक मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा।

एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप एशिया की शीर्ष जूनियर हॉकी टीमों के लिए महत्वपूर्ण मंच है, जहां युवा खिलाड़ियों को महाद्वीप की मजबूत टीमों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित करने का मौका मिलता है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights