ईमानदार पुलिसकर्मियों को एसपी ने किया सम्मानित
जालौन, 6 जुलाई (हि.स.)। जिले की पुलिस ने सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। इसको देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऐसे
पुलिसकर्मियों को रविवार काे सम्मानित किया।
बता दें कि 4 जुलाई 2025 को डायल 112 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुलसीधाम गेस्ट हाउस के पास एक लावारिस बैग बरामद किया, जिसमें 4180 रुपये और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात थे।
चौकी प्रभारी ब्रजेश कुमार, आरक्षी ब्रजभान और डायल 112 आरक्षी नितिन पांडेय ने ईमानदारी से कार्य करते हुए माल का मालिक ढूंढा और पता चला कि यह सामान तुलसीधाम कॉलोनी के मिथलेश प्रताप का है, जो वर्तमान में नोएडा में रहते हैं। उनके मानसिक रूप से अस्थिर बच्चे ने यह सामान फेंक दिया था। पुलिस ने सभी जेवरात और रुपये मिथलेश प्रताप के परिवार को सुरक्षित सौंप दिए, जिस पर उन्होंने जालौन पुलिस की प्रशंसा की।
इस उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नकद पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह घटना पुलिसकर्मियों की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का बेहतरीन उदाहरण है।
————–
—————
