मुज़फ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने शनिवार को थाना खालापार और थाना नई मंडी में संचालित मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित सुविधाओं, शिकायत निस्तारण व्यवस्था और रजिस्टर में दर्ज मामलों की प्रविष्टियों की गहन समीक्षा की।

इंदु सिद्धार्थ ने मिशन शक्ति केंद्र पर मौजूद टीम से वार्ता करते हुए महिला हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली, पीड़ितों को उपलब्ध सहायता, शिकायतों के निस्तारण की समयसीमा और आने वाली शिकायतों के रिकॉर्ड का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि महिला सहायता केंद्र पर आने वाली हर पीड़िता को त्वरित और सम्मानजनक सहायता मिले।साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर क्राइम से जुड़ी शिकायतों की जांच प्रगति, शिकायत रजिस्टर के रख-रखाव और पीड़ितों के साथ की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों में त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके।

पुलिस अधीक्षक अपराध ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि महिला और बाल सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। साथ ही शिकायत रजिस्टर को समय-समय पर अद्यतन रखने, पारदर्शिता बनाए रखने और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मिशन शक्ति केंद्र और साइबर हेल्प डेस्क का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा, जागरूकता और सहारा प्रदान करना है, इसलिए इन केंद्रों पर मिलने वाली शिकायतों का निस्तारण बिना देरी के किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान थाना खालापार और थाना नई मंडी के प्रभारीगण, पुलिसकर्मी और संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights